समस्तीपुर-दरभंगा मार्ग पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर कुंवारी स्थित जीडी गोयंका स्कूल के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान मोटो थाना क्षेत्र के कोल्हाटा पटोरी निवासी 35 वर्षीय विनोद राम, पिता सुरेंद्र राम के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान परमजीत राम (35 वर्ष), पिता महेश राम के रूप में हुई है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डीएमसीएच में इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि दोनों युवक गांव के एक व्यक्ति के यहां पशुपालन का काम करते थे और भैंस चराने का कार्य करते थे। जानकारी के अनुसार गांव की एक भैंस कहीं भटक गई थी, जिसकी तलाश में दोनों बाइक से निकले थे। इसी दौरान जीडी गोयंका स्कूल के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच में जुटी है।
मृतक विनोद राम अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं, जो सभी नाबालिग हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम पसरा है।