दहेज प्रताड़ना के बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

दस्तक 7 मीडिया /अफजल खान 

खगड़िया जिले के गंगोल थाना क्षेत्र अंतर्गत दाढ़ी मोर वार्ड नंबर-3 निवासी 20 वर्षीय मुस्कान कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मुस्कान की शादी करीब दो वर्ष पूर्व कुशेश्वर थाना क्षेत्र निवासी सुजीत कुमार सिंह से हुई थी। मृतका की छह महीने की एक बेटी भी है।

मृतका के छोटे भाई राहुल कुमार ने बताया कि शादी के बाद से ही मुस्कान को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों के अनुसार, अब तक करीब दो लाख रुपये दिए जा चुके थे, लेकिन ससुराल पक्ष की ओर से लगातार और पैसे की मांग की जा रही थी।

परिजनों ने बताया कि घटना से पहले गुरुवार शाम करीब 3 बजे मुस्कान ने मायके फोन कर कहा था कि वह ससुराल में नहीं रहना चाहती, क्योंकि उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके कुछ देर बाद ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों ने मायके वालों को फोन कर कहा कि “अगर लड़की को देखना है तो आकर देख लो, वह मर गई है।” आरोप है कि बाद में यह भी कहा गया कि “अगर देखना है तो जल्दी आओ, नहीं तो जला देंगे।”

सूचना मिलते ही परिजन बड़ागांव स्थित ससुराल पहुंचे, जहां मुस्कान का शव मिला। परिजनों का आरोप है कि मृतका के गले पर निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल बड़ागांव थाना में आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।