शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए उठी आवाज, 11-सूत्रीय मांग पत्र जारी कर भ्रष्टाचार के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठे राजकुमार झा, जांच की मांग

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा। 

गौड़ाबौराम क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितता और पारदर्शिता की कमी को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रा.) के प्रखंड अध्यक्ष सह आर टी आई कार्यकर्ता राज कुमार झा ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने ’11-सूत्रीय मांग पत्र’ जारी कर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। प्रखंड मुख्यालय परिसर में आयोजित एक दिवसीय भूख हड़ताल के माध्यम से राज कुमार झा ने मांग पत्र में मुख्य रूप से स्कूलों के प्रबंधन और वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता पर जोर दिया है। प्रमुख जिसमें पीएमश्री आसी उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध और शिक्षा विभाग से संबंधित मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर कार्रवाई की मांग, आसी उच्च विद्यालय और गौड़ा मानसिंह उच्च विद्यालय के पिछले 10 वर्षों के आय-व्यय का विवरण, विकास कार्यों के लिए प्राप्त राशि और उनके उपयोगिता प्रमाण पत्र सार्वजनिक करने की मांग,

कई उच्च विद्यालयों में कक्षा 8 के फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर हो रहे नामांकनों की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। इसके अलावा आर टी आई के तहत समय पर सूचना न देने वाले दोषी पदाधिकारियों पर कार्रवाई और पिछले 14 वर्षों से एक ही स्थान बीआरसी पर जमे लेखापाल सह डाटा ऑपरेटर के कामकाज और आईडी-पासवर्ड के दुरुपयोग की जांच की मांग, विद्यालयों में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, शौचालय और छात्रों के लिए मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

भूख हड़ताल पर बैठे राज कुमार झा ने नाड़ी पंचायत के विभिन्न विद्यालयों (मदरसा, उर्दू, हिंदी) और मध्य विद्यालय बरदाहा में नामांकन, उपस्थिति और विकास मद में खर्च की गई राशि की जांच करने की भी मांग की है। साथ ही, गौड़ाबौराम प्रखंड के सभी उच्च और मध्य विद्यालयों के शिक्षकों की वरीयता सूची सार्वजनिक करने को कहा गया है ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता आए। भूख हड़ताल पर बैठे राजकुमार झा के समर्थन में निरंजन सिंह,रंजीत पासवान,रोहित सिंह,सुमन सिंह, मनोज सिंह,संजय सिंह,संतोष पासवान, तेतरी देवी,फुलतोरनी देवी, रजिया देवी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।