दरभंगा पुलिस में दक्षता बढ़ाने को रिफ्रेशर ट्रेनिंग, नए कानून व तकनीकी अनुसंधान पर जोर

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा।

दरभंगा पुलिस के वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शुक्रवार को दरभंगा जिलाबल में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सअनि, पुअनि एवं पुनि कोटि के पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों की कार्य क्षमता, दक्षता एवं पेशेवर कौशल को और अधिक मजबूत बनाना बताया गया। इस दौरान वर्तमान समय की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, साक्ष्य संकलन, कांड दैनिकी लेखन तथा अनुसंधान में तेजी लाने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अलावा सामुदायिक पुलिसिंग, जन-शिकायतों के त्वरित निवारण, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने तथा शस्त्र संचालन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बदलते दौर में पुलिसिंग को और प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आवश्यक हैं।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को व्यवहारिक जानकारी के साथ आधुनिक अनुसंधान तकनीकों से भी अवगत कराया गया, ताकि आम जनता को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।