फोटो वाला दूल्हा गायब, मंडप में पहुंच गया ‘डुप्लीकेट’; जयमाला से पहले खुल गई पूरी फिल्म , पटकथा का हो गया सत्यानाश 

दस्तक 7 मीडिया /जाले 

थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात शादी का मंडप अचानक “सस्पेंस- कॉमेडी शो” में बदल गया। लड़की वालों ने जिस युवक की फोटो देखकर रिश्ता तय किया था, बारात में उसकी जगह कोई दूसरा ही युवक सेहरा बांधकर पहुंच गया। लेकिन किस्मत ऐसी खराब रही कि जयमाला से पहले ही पूरा राज खुल गया और शादी धरी की धरी रह गई।

बताया जाता है कि रात करीब डेढ़ बजे बारात गांव पहुंची। गांव वाले सोच रहे थे कि देर रात की शादी शांति से निपट जाएगी, लेकिन यहां तो मामला ही उल्टा पड़ गया। दूल्हे को देखते ही लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने कानाफूसी शुरू कर दी— “अरे, फोटो वाला लड़का तो ये है ही नहीं!”

फिर क्या था, मंडप में अचानक पूछताछ शुरू हो गई। किसी ने मोबाइल में फोटो निकाला, किसी ने दूल्हे का चेहरा मिलाया। कुछ ही मिनट में पूरा खेल सामने आ गया। आरोप है कि शादी तय कराने वाली दो महिलाओं ने असली दूल्हे की जगह दूसरे युवक को सेहरा पहनाकर भेज दिया था।

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि दूल्हा उम्र में भी फोटो वाले युवक से काफी बड़ा लग रहा था। एक बुजुर्ग तो मजाक में बोल पड़े “ई शादी है कि भोजपुरी फिल्म की शूटिंग?” बस, इतना सुनते ही वहां मौजूद लोग हंसी नहीं रोक सके।

हंगामा बढ़ा तो लड़की पक्ष ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। हालांकि बाद में मामला पंचायत में सुलझाने की कोशिश शुरू हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, आधी रात के बाद बारात लाने के पीछे भी “गुप्त मिशन” था, ताकि गांव वाले सोए रहें और चुपचाप शादी कराकर विदाई करा दी जाए। लेकिन गांव वालों की नींद तो खुली ही, साथ में पूरे इलाके में चर्चा भी तेज हो गई।अब गांव में लोग चुटकी ले रहे हैं “आजकल ऑनलाइन फोटो पर भरोसा करने से पहले आधार कार्ड भी देख लेना चाहिए!”