रेफरल सिस्टम खत्म करने की तैयारी, डीएमसीएच-एम्स निर्माण में तेजी का निर्देश,मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा में की हाई लेवल समीक्षा बैठक, एयरपोर्ट पर जल्द नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू कराने पर जोर

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को दरभंगा एयरपोर्ट परिसर में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिहार में मरीजों को रेफर करने की व्यवस्था हर हाल में समाप्त की जाए। इसके लिए शीघ्र एसओपी तैयार करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के मेडिकल संस्थानों में ऐसी व्यवस्था विकसित हो कि मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।

बैठक में दरभंगा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना, निर्माणाधीन एम्स दरभंगा और डीएमसीएच पुनर्विकास कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि एम्स और डीएमसीएच के निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं तय समय सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान आम मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

दरभंगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां उपलब्ध चिकित्सा सेवाएं मरीजों तक सहज और प्रभावी तरीके से पहुंचनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया।

बैठक में दरभंगा एयरपोर्ट के निदेशक ने प्रस्तुतीकरण के जरिए न्यू टर्मिनल बिल्डिंग, रोड कनेक्टिविटी, पावर हाउस, एसी प्लांट और अन्य सुविधाओं की प्रगति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए निर्धारित मानकों पर केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ विस्तृत चर्चा की जाए। उन्होंने एयरपोर्ट पर जल्द नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू कराने का भी निर्देश दिया।

एम्स दरभंगा के उप निदेशक रजनीश मिश्रा ने भू-अर्जन, सिविल वर्क, रोड चौड़ीकरण, रिंग बांध, पेयजल एवं बिजली कनेक्शन सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि डीएमसीएच में वर्तमान में 250 छात्रों का नामांकन हो रहा है तथा 1700 बेड वाले अस्पताल के पुनर्विकास का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी एयरपोर्ट, एम्स और डीएमसीएच परियोजनाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी किसी प्रकार की बाधा आ रही हो, उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर मंत्री मदन सहनी, डॉ. रामचंद्र प्रसाद, सांसद संजय कुमार झा, सांसद गोपाल जी ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई विधायक, विधान पार्षद और वरीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।