कल दरभंगा में 28 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर का होगा वितरण ,प्रशासन बोला- गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें

दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा 

दरभंगा में एलपीजी गैस को लेकर बढ़ती मांग के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। प्रशासन के अनुसार शुक्रवार को जिलेभर में 28 हजार से अधिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा।

जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से बुकिंग के अनुरूप तेजी से होम डिलीवरी की जा रही है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी बारी का इंतजार करें।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को जिले में कुल 10 हजार 564 एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं के बीच वितरित किए गए। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 8026, बेनीपुर अनुमंडल में 1183 और बिरौल अनुमंडल में 1355 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं, 14 मई तक एजेंसियों के गोदामों में 12 हजार 824 सिलेंडर उपलब्ध हैं।

प्रशासन के मुताबिक 15 मई को दरभंगा सदर अनुमंडल में 21 हजार 216, बेनीपुर में 1048 और बिरौल अनुमंडल में 6182 सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उप निदेशक जनसंपर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर बुकिंग की व्यवस्था है, जबकि बुकिंग के दो से तीन दिनों के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई होगी।