दिशा समिति की मैराथन बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा ,सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत, कहा- योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
दिशा समिति की मैराथन बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा ,सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत, कहा- योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
दिशा समिति की मैराथन बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा ,सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत, कहा- योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की मैराथन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दरभंगा के सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने की। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक जीवेश कुमार, मुरारी मोहन झा, राजेश कुमार मंडल समेत कई जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और उनके अनुपालन की जानकारी दी।
एयरपोर्ट सुविधाओं पर विशेष जोर
बैठक में दरभंगा एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। एयरपोर्ट निदेशक ने मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था और गश्ती दल बढ़ाने की मांग रखी। सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने रात्रि 10 बजे दरभंगा से दिल्ली के लिए उड़ान सेवा शुरू कराने तथा एयरपोर्ट के लिए अलग एंबुलेंस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि जल्द ही कार्गो सेवा के माध्यम से लीची, मखाना और आम की खेप भेजने की तैयारी की जा रही है। साथ ही एयरपोर्ट पर मैथिली और हिन्दी में उद्घोषणा शुरू कर दी गई है।
सड़क और पुल परियोजनाओं की होगी जांच
बैठक में सभी आरओबी, एलिवेटेड रोड और सड़क निर्माण योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने पुल निर्माण निगम एवं संबंधित अभियंताओं को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
ग्रामीण कार्य विभाग की निर्माणाधीन सड़कों को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। सांसद ने बीएमपी से डरहार सड़क और किरतपुर प्रखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रहे पुल-पुलिया एवं सड़क निर्माण कार्यों की जांच कराने का निर्देश उप विकास आयुक्त को दिया।
ग्रीन फील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी
नगर आयुक्त ने बैठक में जानकारी दी कि दरभंगा में लगभग 1600 एकड़ क्षेत्र में ग्रीन फील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी। यह परियोजना 102 राजस्व गांवों के आसपास प्रस्तावित है।
सांसद ने शहर में चल रहे नाला निर्माण कार्यों को 15 जून से पहले पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि मानसून से पहले जलजमाव की समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
रेलवे, शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी चर्चा
विधायकों ने कमतौल, जोगियारा, मुरैठा और चंदौना हॉल्ट पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग उठाई। वहीं लहेरियासराय स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा भी बैठक में छाया रहा।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल खोलने की दिशा में काम चल रहा है। सांसद ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और स्मार्ट क्लासरूम की स्थिति की जांच कराने का निर्देश दिया।
बैठक में इटवा शिवनगर में 50 बेड के आयुष अस्पताल निर्माण की जानकारी भी दी गई। साथ ही तालाबों के सौंदर्यीकरण, आकाशवाणी केंद्र के विकास और पौधारोपण अभियान को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।