चाय दुकानदार हत्याकांड पर वाम दलों का सरकार पर हमला,
सीपीआई(एम) और भाकपा(माले) ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, 20 लाख मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
दरभंगा शहर के राज किला मैदान, रामबाग के पास चेन लूट का विरोध करने पर अपराधियों द्वारा चाय दुकानदार की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना को लेकर वाम दलों ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भाकपा(माले) ने अलग-अलग प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शासन में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी के विधानसभा क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई यह हत्या डबल इंजन सरकार की विफलता को उजागर करती है।
श्याम भारती ने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि दरभंगा शहर समेत पूरे जिले में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा हत्यारों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
उन्होंने दरभंगा शहर में पुलिस गश्ती बढ़ाने और दुकानदारों व व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो सीपीआई(एम) जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
इधर, भाकपा(माले) जिला सचिव बैद्यनाथ यादव ने भी घटना को भाजपा-जदयू सरकार की विफलता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और पुलिसिया कार्रवाई पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
बैद्यनाथ यादव ने आरोप लगाया कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि दिनदहाड़े कई राउंड फायरिंग कर निर्दोष व्यक्ति की हत्या कर दी गई। उन्होंने सरकार से अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने, मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा तथा सरकारी नौकरी देने की मांग की।
उन्होंने बताया कि भाकपा(माले) नगर सचिव कामेश्वर पासवान के नेतृत्व में पार्टी की एक टीम पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी प्राप्त करेगी।
चोरी कांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, बघात चौक से एक नशेड़ी भी धराया
दिशा समिति की मैराथन बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा ,सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत, कहा- योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं