जमीन विवाद में मारपीट, लूट और जातिसूचक गाली का आरोप, तीन पर प्राथमिकी दर्ज

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा/बहादुरपुर।

बहादुरपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट, लूटपाट, जातिसूचक गाली एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बहादुरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादुरपुर निवासी लक्ष्मी पासवान ने थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उन्होंने वर्ष 2024 में मिर्जापुर मौजा में 10.5 कट्ठा जमीन विधिवत रजिस्ट्री कर खरीद की थी और उस पर उनका वैध कब्जा है। आरोप है कि 5 अप्रैल 2026 को उन्हें सूचना मिली कि रामनारायण चौधरी एवं उसके पुत्र छोटू चौधरी और रिंकू चौधरी उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर झोपड़ी उजाड़ रहे हैं।

पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने जातिसूचक गालियां देते हुए जमीन अपने नाम लिखने का दबाव बनाया। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर मारपीट की तथा गले पर चाकू सटा कर जान से मारने की धमकी दी। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान आरोपितों ने जेब से 3500 रुपये निकाल लिए।

घटना के बाद पीड़ित द्वारा थाना को सूचना दी गई, जिसके बाद चौकीदार मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक सभी आरोपित फरार हो चुके थे। पीड़ित ने आवेदन में खुद एवं परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

इस मामले में बहादुरपुर थाना कांड संख्या 76/26 दिनांक 09 अप्रैल 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एसआई अखिलेश्वर पासवान को अनुसंधान का जिम्मा सौंपा है।