बच्चों के विवाद में बीच-बचाव करने गए किराना दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या, मुख्य आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार

दस्तक 7 मीडिया/अफजल खान /उत्तम सेन गुप्ता 

घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के आसी गांव में बच्चों के बीच शुरू हुए विवाद को शांत कराने गए एक किराना दुकानदार की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान आसी गांव निवासी 37 वर्षीय सुजीत कुमार साहू उर्फ मुंशी जी, पिता गणेश साहू, के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, 8 मई को गांव में शादी समारोह के भोज के दौरान बच्चों के बीच विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान रामसेवक महतो नामक बच्चे ने आदित्य कुमार साहू पर गिट्टी फेंक दी, जिसके बाद आदित्य खाना खाए बिना डर के कारण घर लौट आया।
बताया गया कि मंगलवार को देर शाम आदित्य कुमार, शिवम और सुंदर कुमार खेलकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन मोरवा के पास रामसेवक महतो एवं उसके साथ मौजूद दो अन्य बच्चों और उनके पिता रामविलास महतो ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। बच्चों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने के लिए पहले बच्चे की मां और बहन पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के बच्चे के पिता ने महिला और लड़की के साथ भी मारपीट की।

शोर सुनकर सुजीत कुमार साहू उर्फ मुंशी जी अपनी किराना दुकान से नीचे उतरकर भतीजा और बेटा को हटाने पहुंचे। इसी बीच आरोप है कि रामविलास महतो एवं उसका भाई राम कुमार महतो, दोनों नशे की हालत में वहां पहुंचे और सुजीत कुमार साहू के साथ जमकर मारपीट करने लगे।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में सुजीत कुमार साहू को पहले गांव के एक निजी क्लिनिक में पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आसी रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी अंजू देवी, तीन पुत्र शिवम, सत्यम और सुंदर के अलावा विकलांग पिता गणेश साहू को छोड़ गए हैं। ग्रामीणों लालन साहू, कैलाश साहू एवं सीत कुमार ने बताया कि सुजीत कुमार साहू गांव में किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे।

इस संबंध में आलोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना के महज दो घंटे के भीतर मुख्य आरोपी रामविलास महतो को निशिहारा गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।