समस्तीपुर में अपराधियों का तांडव जारी, हत्या की दो घटनाओं से दहशत,खानपुर में युवक की गला रेतकर हत्या, घटहो में चाकूबाजी में गई जान; पुलिसिंग पर उठे सवाल

दस्तक 7 मीडिया /समस्तीपुर

जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो हत्या की घटनाओं से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक ओर खानपुर थाना क्षेत्र में युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी ओर घटहो थाना क्षेत्र में चाकू गोदकर एक युवक की जान ले ली गई। लगातार हो रही वारदातों के बाद स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार खानपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या के विरोध में सड़क जाम कर दिया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में अपराध लगातार बढ़ रहा है, लेकिन पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था पूरी तरह कमजोर पड़ चुकी है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

इधर घटहो थाना क्षेत्र में भी अपराधियों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म हो चुका है, जिसके कारण आए दिन हत्या, लूट और मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

इसी बीच खानपुर थाना से जुड़ा एक अन्य मामला भी चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर शराब पीते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो के आधार पर खानपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले में न तो शराब बरामद हुई और न ही किसी तरह का ठोस साक्ष्य सामने आया, इसके बावजूद कई गंभीर धाराएं लगाई गईं। इसको लेकर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिले के अधिकांश थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती नहीं होती है। अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हे लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने समस्तीपुर जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। अब लोगों की नजर पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।