ढोल नगाड़े के साथ नाबालिग लड़की अपहरण मामले में फरार आरोपी के घर चिपकाया इश्तेहार

दस्तक 7 मीडिया,सिंहवाड़ा/

सिमरी थाना कांड संख्या 37/26 में दर्ज नाबालिग लड़की अपहरण मामले में पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया। न्यायालय के आदेश पर प्रशासन की टीम ढोल-नगाड़े के साथ आरोपी के घर पहुंची और माइकिंग कर आसपास के लोगों को न्यायालय के आदेश की जानकारी दी। मौके पर केस के अनुसंधानकर्ता दरोगा ज्योति कुमारी, दरोगा मनोज कुमार शर्मा एवं पुलिस बल मौजूद थे। पुलिस ने विधिवत इश्तेहार तामिला कर आरोपी को निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी। जानकारी के अनुसार, सिमरी थाना में दर्ज एफआईआर संख्या 37/26 में पीड़िता के पिता ने गांव के अमित यादव सहित कई लोगों पर उनकी 14 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर अपहरण कर लेने का आरोप लगाया था। आवेदन में घर से नकद राशि, सोने के जेवरात, आधार कार्ड एवं अन्य जरूरी कागजात ले जाने की भी बात कही गई है।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस लगातार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी, लेकिन आरोपी फरार चल रहा था। इसके बाद न्यायालय से इश्तेहार निर्गत होने पर प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत ढोल-नगाड़े के साथ आरोपी के घर पहुंचकर इश्तेहार चिपकाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि आरोपी निर्धारित तिथि तक न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है तो उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।