विद्युत योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश, सांसद ने दिखाई QRT टीम को हरी झंडी

दस्तक 7 मीडिया / दरभंगा 

डीसीआर भवन, दरभंगा में मंगलवार को जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद सह-जिला स्तरीय विद्युत समिति के सह-अध्यक्ष Gopal Ji Thakur ने की। बैठक में विद्युत विभाग की केंद्रीय एवं राज्यस्तरीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालन रिपोर्ट पर चर्चा की गई। सांसद ने उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए विभागीय अभियंताओं को तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य मुफ्त घर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई।

बैठक में सांसद ने जिले में विद्युत क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना भी की। इस दौरान उन्होंने क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस टीम में मालवाहक वाहन, सीढ़ी एवं विद्युत उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका उपयोग बिजली संबंधी खराबियों को जल्द ठीक करने में किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।

बैठक में केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, मधुबनी सांसद के प्रतिनिधि अशोक नायक, दरभंगा ग्रामीण विधायक के प्रतिनिधि रविन्द्र कुमार चौधरी, विद्युत अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, कार्यपालक अभियंता विकास कुमार, प्रशांत कुमार पंडित, वरीय प्रबंधक आईटी अंकेश कुमार समेत जिले के सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता मौजूद रहे।