आपदा के समय पशुधन बचाने का दिया गया प्रशिक्षण, जाले में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

आपदा प्रबंधन विभाग दरभंगा, जिला पशुपालन विभाग, रिलायंस फाउंडेशन एवं अदिथि के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जाले प्रखंड सभागार में “आपातकालीन स्थिति में पशुधन संरक्षण” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पैरा-वेट्स, वैक्सीनेटर्स एवं पशु लाभुकों को आपदा के दौरान पशुधन की सुरक्षा एवं रोग प्रबंधन को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बाढ़ एवं हीटवेव (लू) जैसी प्राकृतिक आपदाओं के समय पशुओं की देखभाल, बचाव के उपाय तथा आपदा से पहले, दौरान और बाद में अपनाए जाने वाले जरूरी कदमों पर चर्चा की। साथ ही पशुधन रोग प्रबंधन एवं विभिन्न हितधारकों की भूमिका को भी विस्तार से समझाया गया।

भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार ने पशुपालकों को बाढ़ एवं लू से पशुओं को सुरक्षित रखने के उपाय बताए। उन्होंने “क्या करें और क्या न करें” से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाना जरूरी है।

रिलायंस फाउंडेशन के राज्य कार्यक्रम समन्वयक सूरज कुमार ने आपातकालीन परिस्थितियों में पशुधन रोग प्रबंधन एवं आपदा के विभिन्न चरणों में संबंधित विभागों और हितधारकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने समूह बनाकर पशुधन संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन विषय पर अपनी प्रस्तुति भी दी, जिसे उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने सराहा।