पत्नी की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस, कमरे में पंखे से लटका मिला युवक का शव

दस्तक 7 मीडिया /सिंहवाड़ा 

स्थानीय थाना क्षेत्र के कलिगांव पंचायत अंतर्गत गगौल गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पत्नी की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस को एक युवक का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान राजेंद्र सहनी के 25 वर्षीय पुत्र जीसू सहनी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी जुली कुमारी ने कुछ दिन पूर्व पति के खिलाफ सिंहवाड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के सत्यापन के लिए सोमवार को पुलिस टीम जीसू सहनी के घर पहुंची थी।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला, लेकिन घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान घर का एक कमरा अंदर से बंद पाया गया। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ।

थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देख पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। कमरे में जीसू सहनी का शव गमछे के सहारे पंखे के हुक से लटका हुआ था। पुलिस के अनुसार युवक की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने मामले की सूचना एफएसएल टीम को दी, जिसके बाद टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।