मिथिला संस्कृत शोध संस्थान में तेजी से चल रहे निर्माण कार्य, डीएम ने लिया जायजा
मिथिला संस्कृत शोध संस्थान में तेजी से चल रहे निर्माण कार्य, डीएम ने लिया जायजा
मिथिला संस्कृत शोध संस्थान में तेजी से चल रहे निर्माण कार्य, डीएम ने लिया जायजा
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
डीएम ने परिसर में निर्माणाधीन बालक छात्रावास, प्रशासनिक भवन, गेस्ट हाउस, चाहरदीवारी समेत अन्य आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परिसर के अंदर बन रही सड़क का कार्य अगले 15 दिनों के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया।
बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम के कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार रंजन ने बताया कि सड़क के दोनों ओर पवेर ब्लॉक लगाए जाएंगे तथा जल निकासी व्यवस्था के लिए नाला निर्माण भी कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बालक छात्रावास के नींव स्तर का कार्य आगामी 15 दिनों में पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले एक माह के अंदर नींव कार्य पूर्ण कराने को कहा।
उन्होंने संस्थान परिसर की चाहरदीवारी का रंग-रोगन कराने, तालाबों के सौंदर्यीकरण तथा बाहरी भूमि की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त चाहरदीवारी निर्माण कराने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संस्थान का विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए, ताकि यह संस्थान भविष्य में शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो सके।
निरीक्षण के अवसर पर कनीय अभियंता राकेश राज सहित शोध संस्थान के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।