संदिग्ध परिस्थितियों में मजदूर की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
संदिग्ध परिस्थितियों में मजदूर की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
संदिग्ध परिस्थितियों में मजदूर की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा /अफज़ल खान
लहेरियासराय थाना क्षेत्र के अभंडा निवासी 35 वर्षीय सत्य नारायण सहनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह बंगाली टोला स्थित बिजली ऑफिस के पास उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और साथ ही मछली बेचने का काम भी करते थे।
मृतक के छोटे भाई सुशील सहनी ने बताया कि शत्रुघ्न सहनी तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे सिद्धार्थ कुमार नामक युवक सत्य नारायण को घर से बुलाकर ले गया था। परिजनों के अनुसार सिद्धार्थ कुमार थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार का रहने वाला है और एक अस्पताल में कुक का काम करता है। परिवार का कहना है कि सिद्धार्थ से उनकी पुरानी पहचान थी और सत्य नारायण पहली बार उसके साथ हलवाई का काम करने गए थे।
परिजनों ने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 10:30 बजे सत्य नारायण सहनी अकेले अस्पताल से निकलते दिखाई दे रहे हैं। परिवार का कहना है कि उस समय वह पूरी तरह सामान्य दिख रहे थे और उनके शरीर पर किसी प्रकार की चोट का निशान भी नहीं था। परिजनों ने यह भी कहा कि शत्रुघ्न शराब पीने के आदी नहीं थे।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि अगर सिद्धार्थ कुमार उन्हें घर से ले गया था तो रात में सुरक्षित वापस पहुंचाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जब सिद्धार्थ को फोन कर घटना की जानकारी पूछी गई तो पहले उसने अनभिज्ञता जताई, फिर दोबारा फोन करने पर कथित तौर पर कहा कि “जो करना है करो, थाना में देख लेंगे।”
परिजनों ने सत्य नारायण सहनी की मौत को साजिश के तहत हत्या बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।