जुलाई 2026 सत्र के लिए इग्नू में पुनः पंजीकरण शुरू, 30 जून तक भरें ऑनलाइन फॉर्म

दस्तक 7 मीडिया, दरभंगा / गुड्डू राज 

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र के लिए पूर्व पंजीकृत शिक्षार्थियों के पुनः पंजीकरण (री-रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार बिना विलंब शुल्क के ऑनलाइन पुनः पंजीकरण फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है।

विश्वविद्यालय ने बताया कि जुलाई 2025 एवं उससे पूर्व नामांकित विद्यार्थी अगले वर्ष अथवा सेमेस्टर में नामांकन के लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पुनः पंजीकरण कर सकते हैं। भारतीय एवं अंतर्राष्ट्रीय दोनों श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

री-रजिस्ट्रेशन के लिए विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा। नए अभ्यर्थियों को पहले पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा, जबकि पहले से पंजीकृत विद्यार्थी अपने यूजर नेम और पासवर्ड से लॉगिन कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम चयन में सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही ऑनलाइन भुगतान करते समय कार्ड, नेट बैंकिंग अथवा यूपीआई का उपयोग करने को कहा गया है। भुगतान अपडेट नहीं होने की स्थिति में तुरंत दोबारा भुगतान नहीं करने की अपील की गई है।

यदि किसी विद्यार्थी को ओटीपी प्राप्त नहीं होने, पासवर्ड भूलने अथवा अन्य तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ता है तो वे इग्नू क्षेत्रीय केंद्र दरभंगा से संपर्क कर सकते हैं।क्षेत्रीय निदेशिका एवं प्रमुख डॉ. शालिनी ने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन करने की अपील की है।