दरभंगा पुलिस में दक्षता बढ़ाने को रिफ्रेशर प्रशिक्षण शुरू

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा।

दरभंगा पुलिस के वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग और अनुसंधान कार्यों में दक्ष बनाने के उद्देश्य से रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मंगलवार को आयोजित इस प्रशिक्षण में सअनि, पुअनि एवं पुनि कोटि के सभी पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों की कार्य क्षमता, पेशेवर कौशल और कार्यकुशलता में वृद्धि करना है। प्रशिक्षण के दौरान वर्तमान समय की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, साक्ष्य संकलन, कांड दैनिकी लेखन तथा अनुसंधान में तेजी लाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।इसके अलावा सामुदायिक पुलिसिंग, जन-शिकायतों के त्वरित निवारण, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने तथा शस्त्र संचालन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।