दरभंगा के जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश जावेद आलम बने निगरानी विभाग में संयुक्त सचिव (विधि)

दस्तक 7 मीडिया, दरभंगा / गुड्डू राज

बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक अधिसूचना जारी करते हुए दरभंगा में पदस्थापित जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री जावेद आलम को प्रतिनियुक्ति के आधार पर निगरानी विभाग, बिहार पटना में संयुक्त सचिव (विधि) पद पर नियुक्त किया है।

जारी अधिसूचना के अनुसार यह नियुक्ति पटना उच्च न्यायालय के महानिबंधक (प्रशासन) द्वारा भेजी गई अनुशंसा के आलोक में की गई है। इसके साथ ही उनकी सेवा निगरानी विभाग, बिहार सरकार को सौंप दी गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना पर सरकार के अपर सचिव रजनीश कुमार के हस्ताक्षर हैं। आदेश के बाद इसकी प्रतिलिपि महालेखाकार बिहार, पटना उच्च न्यायालय, निगरानी विभाग, विधि विभाग, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दरभंगा समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।

बताया जा रहा है कि विधिक एवं प्रशासनिक मामलों में अनुभव को देखते हुए श्री जावेद आलम को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। निगरानी विभाग में उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।