अपराध नियंत्रण पर वरीय पुलिस अधीक्षक सख्त, थानाध्यक्षों को रोजाना टास्किंग का निर्देश
अपराध नियंत्रण पर वरीय पुलिस अधीक्षक सख्त, थानाध्यक्षों को रोजाना टास्किंग का निर्देश
अपराध नियंत्रण पर वरीय पुलिस अधीक्षक सख्त, थानाध्यक्षों को रोजाना टास्किंग का निर्देश
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा सोमवार को एसएसपी कार्यालय में अप्रैल 2026 की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर थानाध्यक्ष, यातायात डीएसपी, मुख्यालय डीएसपी, रक्षित डीएसपी, सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
गोष्ठी में जिले के सभी थानों में लंबित कांड, अप्रैल माह में दर्ज मामलों तथा निष्पादित कांडों की विस्तार से समीक्षा की गई। हत्या, डकैती, लूट, दहेज हत्या समेत विभिन्न संगीन मामलों की थाना वार समीक्षा करते हुए एसएसपी ने अनुसंधान में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं अंचल निरीक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक अनुसंधानकर्ता की अलग-अलग दैनिक रिपोर्ट तैयार कराई जाए।
बैठक में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। ई-समन, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने पर बल दिया गया। वहीं नशीले पदार्थ, ड्रग्स और अवैध दवाओं की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी ने सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों में I-RAD और ई-डीएआर पोर्टल पर समय पर एंट्री सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पीड़ितों को मुआवजा मिलने में परेशानी न हो। साथ ही सक्रिय अपराधियों का रिकॉर्ड गुंडा पंजी में अद्यतन रखने तथा महत्वपूर्ण मामलों के वीडियो ई-साक्ष्य ऐप पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में शराबबंदी कानून के उल्लंघन, शराब तस्करी और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन गश्ती और विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
एसएसपी ने थाना पहुंचने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने तथा शिकायतों पर त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। न्यायालय से प्राप्त परिवाद पत्रों पर शीघ्र प्राथमिकी दर्ज करने, डायल-112 पर मिलने वाली शिकायतों का समय पर निष्पादन करने तथा प्रतिदिन सुबह थाना स्तर पर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर टास्किंग करने का आदेश भी दिया गया।