आनंद बेकर्स कारखाने में मजदूर की संदिग्ध मौत, एफएसएल टीम ने की जांच

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

शहर के इंडस्ट्री एरिया स्थित आनंद बेकर्स कारखाने में रविवार की देर रात एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के सिंहासन पंचायत अंतर्गत चपाड़िया गांव निवासी 60 वर्षीय राजेंद्र मंडल के रूप में हुई है। वह कारखाने में रसोईया के तौर पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब दो बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। कारखाना कर्मियों द्वारा संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कारखाना प्रबंधन ने रात में ही परिजनों को सूचना दे दी। सोमवार सुबह करीब छह बजे परिजन कारखाने पहुंचे। परिवार के मुखिया की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।

घटना की सूचना सोमवार सुबह करीब नौ बजे कारखाना मालिक द्वारा स्थानीय थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की। वैज्ञानिक तरीके से मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

सदर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि कारखाना प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।