दहेज की बलि चढ़ी कुमकुम! शादी के तीन साल बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार
दहेज की बलि चढ़ी कुमकुम! शादी के तीन साल बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार
दहेज की बलि चढ़ी कुमकुम! शादी के तीन साल बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार
दस्तक 7 मीडिया,बहेड़ी। दरभंगा
थाना क्षेत्र के बलिगांव गांव में दहेज प्रताड़ना का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। विवाहिता कुमकुम कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए बहेड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बलिगांव निवासी विनय मंडल ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि करीब तीन वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री कुमकुम कुमारी की शादी इनाई गांव निवासी पप्पू मंडल के साथ की थी। शादी में नगद राशि, जेवरात, फर्नीचर और बाइक समेत करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए थे।
पीड़ित पिता का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। पहले दो लाख रुपये की मांग की गई, लेकिन बाद में पति के शिक्षक बनने के बाद 25 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मांग पूरी नहीं होने पर कुमकुम के साथ लगातार मारपीट की जाती थी। बीते दिनों आरोपितों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और गंभीर हालत में उसे मायके के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां 9 मई की शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच दरभंगा भेज दिया। मृतका के पिता के आवेदन पर पति, सास, ससुर और ननद को नामजद आरोपी बनाया गया है।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।