फर्नीचर उतारने के दौरान मजदूर की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

 पतौर थाना क्षेत्र के आनंदपुर धीरोपट्टी गांव निवासी स्वर्गीय राजेंद्र पासवान के 40 वर्षीय पुत्र राम नारायण पासवान की शनिवार रात दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात करीब आठ बजे दिल्ली मोड़ के समीप ट्रक से फर्नीचर का सामान उतारा जा रहा था। इसी दौरान भारी फर्नीचर का सामान अचानक राम नारायण पासवान के सिर पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बेंता थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।मृतक के पुत्र मंदीप पासवान ने बताया कि उनके पिता परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो पुत्र अभी अविवाहित हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।