नेहरा में पूर्व वार्ड सदस्य के घर लाखों की चोरी, महिला के गले से चेन खींच फरार हुए चोर, थाना क्षेत्र में बढ़ गई हे चोरी की घटनाएं 

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के नेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरा पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या-12 में शनिवार की देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात की चोरी कर ली। घटना पूर्व वार्ड सदस्य अश्विनी कुमार चौधरी उर्फ पप्पू चौधरी के घर हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित अश्विनी कुमार चौधरी ने बताया कि 9/10 मई की रात परिवार के सदस्य घर में सोए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बरामदे के पास लगी स्लाइडिंग खिड़की से डंडे की सहायता से अंदर की कुंडी खोल दी और घर में प्रवेश कर गया। इसके बाद जिस कमरे में वे सो रहे थे, उसके दरवाजे को बाहर से बंद कर रस्सी से बांध दिया गया।

उन्होंने बताया कि बगल के कमरे में उनकी पत्नी और पुत्र सो रहे थे। इसी दौरान चोर उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन खींचकर भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर पुत्र की नींद खुली और उसने आवाज देकर अन्य लोगों को जगाया। जब अश्विनी चौधरी अपने कमरे का दरवाजा खोलने लगे तो पता चला कि बाहर से बंद कर दिया गया है। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खोलकर बाहर निकले तो घर के बाहर दो पर्स फेंके हुए मिले। एक पर्स में दवाइयां सुरक्षित थीं, जबकि दूसरे पर्स में रखे सभी सोने के जेवरात गायब थे।

पीड़ित के अनुसार चोर लगभग 45 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हुए हैं, जिनमें तीन जोड़ी कनवाली, एक मंगलसूत्र और एक सोने की चेन शामिल है। चोरी गए जेवरातों की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि चोर दक्षिण दिशा की ओर स्थित जंगल के रास्ते घर में घुसे और उसी रास्ते फरार हो गए।

घटना की सूचना नेहरा थाना को दे दी गई है तथा मामले में लिखित आवेदन भी सौंपा गया है। इधर, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष मिथिलेश चौधरी एवं भाजपा नेता जयराम चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष से मुलाकात कर चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी नेहरा क्षेत्र के पांच घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिसमें नगद समेत लाखों रुपये की संपत्ति चोरी हुई थी। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

इस संबंध में नेहरा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।