माँ के सम्मान में भावुक हुआ महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान,
मातृ दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा।
मातृ दिवस के अवसर पर महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान की दोनों शाखाओं बंगाली टोला, लहेरियासराय एवं वाजितपुर, बीएमपी-13 के निकट में भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृत्व के सम्मान, संस्कारों के महत्व और बच्चों के नैतिक विकास पर विशेष जोर दिया गया।
लहेरियासराय स्थित बंगाली टोला शाखा में आयोजित समारोह की मुख्य अतिथि प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी हरि प्रिया तथा विशिष्ट अतिथि प्रमोद कुमार थे। अतिथियों का स्वागत मिथिला परंपरा के अनुसार किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रावणी शिखा, चेयरमैन हीरा कुमार झा, प्रबंधक राजीव कुमार एवं अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
स्वागत भाषण में प्राचार्या श्रावणी शिखा ने कहा कि माँ बच्चों की पहली गुरु होती हैं और उनके व्यक्तित्व निर्माण में सबसे बड़ी भूमिका निभाती हैं। विशिष्ट अतिथि प्रमोद कुमार ने कहा कि “माँ है तो संसार है, माँ से ही संस्कार है।” उन्होंने बच्चों की सुरक्षा एवं अभिभावकों की जिम्मेदारियों से जुड़े कानूनी पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि हरि प्रिया ने अपने संबोधन में कहा कि माँ का प्रेम, त्याग और समर्पण अतुलनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता का सम्मान करने और उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी। साथ ही वर्तमान समय में माताओं के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नन्हें बच्चों ने नृत्य, गीत, कविता और भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर अभिभावकों और अतिथियों ने जमकर तालियाँ बजाईं। माताओं के लिए आयोजित क्विज प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चार माताओं को पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय के चेयरमैन हीरा कुमार झा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि माताएँ समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवार और विद्यालय की संयुक्त भूमिका अत्यंत आवश्यक है।
नवमी कक्षा के छात्र वैभव और आकांक्षा के संयुक्त संचालन में आयोजित कार्यक्रम में सीसीए प्रभारी पलक मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन भावनात्मक एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।
वहीं, वाजितपुर शाखा में आयोजित समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि मांडवी कुमारी, प्रबंधक संजीव कुमार, प्राचार्य अजय झा एवं समन्वयक शशांक श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
