बिहार में बड़े पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों का तबादला,

16 वरिष्ठ अफसरों को नई जिम्मेदारी, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना

दस्तक 7 मीडिया /पटना 

बिहार सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 16 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। सरकार ने कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध नियंत्रण, आर्थिक अपराध जांच और पुलिस आधुनिकीकरण को मजबूत करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया है।

जारी आदेश के मुताबिक, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. परेश सक्सेना को महानिदेशक-सह-आयुक्त, अग्निशमन सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं निर्मल कुमार आजाद को एडीजी प्रशिक्षण बनाया गया है। सुधांशु कुमार को एडीजी विधि-व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

सरकार ने आर्थिक अपराध और साइबर सुरक्षा को लेकर भी अहम बदलाव किए हैं। डॉ. अमित कुमार जैन को एडीजी आर्थिक अपराध इकाई बनाया गया है, जबकि चर्चित आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा को एडीजी तकनीकी सेवाएं एवं संचार की जिम्मेदारी दी गई है। अमृत राज को एडीजी साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा नैयर हसनैन खान को एडीजी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस तथा कमल किशोर सिंह को एडीजी रेलवे बनाया गया है। अजिताभ Kumar को एडीजी राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण की जिम्मेदारी मिली है। संजय सिंह को एडीजी बजट, अपील एवं कल्याण के साथ सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

आईजी स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। विकास वैभव को आईजी मगध क्षेत्र, गया नियुक्त किया गया है। पी. कन्नन को आईजी प्रोविजनिंग एवं आधुनिकीकरण तथा रंजीत कुमार मिश्रा को आईजी अपराध अनुसंधान विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। संजय कुमार को आईजी विशेष शाखा, बिहार बनाया गया है।

वहीं धनंजय सिंह को विशेष सचिव, गृह विभाग (विशेष शाखा) भेजा गया है। कासे सुहिता अनुपम को एडीजी कमजोर वर्ग अपराध अनुसंधान विभाग का दायित्व सौंपा गया है।