मंदिर में पूजा करने गई नाबालिग से छेड़खानी, विरोध पर चाचा पर कुल्हाड़ी से हमला

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा। 

 स्थानीय थाना क्षेत्र में मंदिर में पूजा करने गई एक 15 वर्षीय नाबालिग के साथ छेड़खानी तथा विरोध करने पर उसके चाचा पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल व्यक्ति के नाक पर सात टांके लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार ने घनश्यामपुर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी 15 वर्षीय भतीजी घर के समीप स्थित कालेश्वरनाथ मंदिर पूजा करने गई थी। इसी दौरान मंदिर के सामने दुकान चलाने वाला अमरचंद लाभ, उम्र करीब 50 वर्ष, युवती के साथ अश्लील बातें करने लगा और छेड़खानी की।

परिजनों के अनुसार जब नाबालिग ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकी दी तथा बुरी नीयत से पकड़ने का प्रयास किया। डरी-सहमी युवती किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता के चाचा आरोपी से पूछताछ करने उसकी दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी अचानक आक्रोशित हो गया और दुकान से धारदार कुल्हाड़ी निकालकर हमला कर दिया। बचाव करने के दौरान कुल्हाड़ी उनके नाक पर लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल घनश्यामपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनके नाक पर सात टांके लगाए।

इधर, घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थल के पास इस तरह की घटना बेहद शर्मनाक है और इससे महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मामले को लेकर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।