सीसीटीएनएस, आईसीजेएस एवं नाफिस आधारित सूचना प्रौद्योगिकी पहल पर पुलिस अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
सीसीटीएनएस, आईसीजेएस एवं नाफिस आधारित सूचना प्रौद्योगिकी पहल पर पुलिस अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
सीसीटीएनएस, आईसीजेएस एवं नाफिस आधारित सूचना प्रौद्योगिकी पहल पर पुलिस अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
दस्तक 7 मीडिया/पटना
सरदार पटेल भवन, पटना स्थित ऑडिटोरियम में सीसीटीएनएस, आईसीजेएस एवं नाफिस आधारित क्षेत्रीय स्तर की सूचना प्रौद्योगिकी पहल विषय पर व्याख्यान सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मियों को आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग प्रणाली से अवगत कराना तथा अनुसंधान एवं अपराध नियंत्रण कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (विशेष सशस्त्र बल एवं सैन्य पुलिस) चंचल शेखर उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त अपराध अनुसंधान विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पारस नाथ, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार तथा राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित लोढ़ा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं प्रणाली, अंतर-संचालित आपराधिक न्याय प्रणाली तथा राष्ट्रीय स्वचालित अंगुली चिन्ह पहचान प्रणाली के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपराध अनुसंधान, अपराधियों की पहचान, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा विभिन्न राज्यों एवं एजेंसियों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को अधिक तेज एवं पारदर्शी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में राज्य स्तर के वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रत्यक्ष रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार के सभी जिलों के वरीय पुलिस पदाधिकारी भी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े रहे।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि बदलते समय में तकनीक आधारित पुलिसिंग अत्यंत आवश्यक हो गई है। सूचना प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग न केवल अपराध नियंत्रण को मजबूत करेगा, बल्कि अनुसंधान की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता में भी उल्लेखनीय सुधार लाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारियों का व्यवहारिक उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा उपस्थित अधिकारियों ने इसे आधुनिक एवं स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।