बाइक-टेंपू की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौत; दो की हालत नाजुक, चालक फरार।
बाइक-टेंपू की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौत; दो की हालत नाजुक, चालक फरार।
बाइक-टेंपू की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौत; दो की हालत नाजुक, चालक फरार।
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
सुपौल-कुशेश्वरस्थान मुख्य पथ एस एच 56 पर शुक्रवार की सुबह रफ्तार का खूनी खेल देखने को मिला। नया पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार टेंपू और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक युवक की जान चली गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जो अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
मृतक की पहचान कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के महेशी बटुआ गांव निवासी 25 वर्षीय रजनीश सदा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रजनीश अपने साथी नंद किशोर सदा के साथ बाइक से घर लौट रहा था। तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित टेंपू ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से रजनीश को डीएमसीएच रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
इस दुर्घटना में घायल नंद किशोर सदा और अजय मंडल का इलाज सुपौल बाजार के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। डॉक्टरों ने दोनों की स्थिति चिंताजनक बताई है। रजनीश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसका फायदा उठाकर टेंपू चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर सुबह के समय वाहनों की रफ्तार बेलगाम होती है। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।
थानाध्यक्ष चंद्र मणि ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।