राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारी तेज, डीएम ने किया विशेष शिविर स्थल का निरीक्षण

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा 

राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर 09 मई 2026 को लंबित ट्रैफिक चालानों के निष्पादन के लिए प्रेक्षागृह, दरभंगा में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का त्वरित एवं सरल निपटारा संभव है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी और न्यायिक प्रक्रिया भी सुगम बनेगी।

डीएम ने बताया कि ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन के लिए कई काउंटर बनाए गए हैं तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिविर में आने वाले लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सहायता काउंटर समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने लंबित ट्रैफिक चालानों का निपटारा कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।

निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।