पीएम सूर्य घर योजना को लेकर डीएम सख्त, हर वार्ड और पंचायत में चलेगा जागरूकता अभियान
पीएम सूर्य घर योजना को लेकर डीएम सख्त, हर वार्ड और पंचायत में चलेगा जागरूकता अभियान
पीएम सूर्य घर योजना को लेकर डीएम सख्त, हर वार्ड और पंचायत में चलेगा जागरूकता अभियान
दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा
प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना को घर-घर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंताओं को निर्देश दिया कि योजना के प्रचार-प्रसार में तेजी लाई जाए और आम लोगों को सौर ऊर्जा के लाभों से अवगत कराया जाए। उन्होंने अधीक्षण अभियंता को नगर निगम के सभी वार्ड पार्षदों के साथ बैठक कर योजना की विस्तृत जानकारी देने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से योजना का लक्ष्य समय से पहले हासिल किया जा सकता है।
बैठक में नगर परिषद और नगर पंचायतों के सभी वार्ड सदस्यों के साथ रोस्टर के अनुसार बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया। वहीं उप विकास आयुक्त को सभी प्रखंडों में योजना के प्रचार एवं समीक्षा के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लाभुकों को सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घर-घर जाकर लोगों को योजना की जानकारी दें ताकि अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ उठा सकें।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में एक मॉडल सोलर विलेज चयनित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे गांव को प्राथमिकता दी जाएगी जहां सर्वाधिक संख्या में सोलर स्ट्रीट लाइट लगी हों। चयनित गांव के विकास के लिए सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सूर्य पंचायत स्कीम एवं जीविका समूहों के माध्यम से लाभुकों का चयन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर जिले में नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में योजना को सफलतापूर्वक लागू करने का निर्देश दिया।
बैठक में महापौर अंजुम आरा, जिला परिषद उपाध्यक्ष अरुणा देवी, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, कार्यपालक अभियंता विकास कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।