दरभंगा में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, शनिवार को 27 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य

दस्तक 7 मीडिया, दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से नियमानुसार पारदर्शी तरीके से गैस वितरण किया जा रहा है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि जिले की 75 गैस एजेंसियों द्वारा शुक्रवार को कुल 11 हजार 524 एलपीजी गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के बीच वितरित किए गए। इनमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 8 हजार 450, बेनीपुर अनुमंडल में 1163 तथा बिरौल अनुमंडल में 1911 सिलेंडर शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि 08 मई तक एजेंसियों के गोदामों में 11 हजार 425 एलपीजी गैस सिलेंडर शेष हैं। वहीं शनिवार, 09 मई को जिले में 27 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 20 हजार 21, बेनीपुर अनुमंडल में 2016 तथा बिरौल अनुमंडल में 5037 सिलेंडर वितरित किए जाएंगे।

उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने कहा कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थ और एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। विभागीय नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को नंबर लगाने के बाद 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि शादी-विवाह एवं अन्य समारोहों के लिए कैटरिंग के माध्यम से कमर्शियल गैस सिलेंडर की भी नियमित आपूर्ति की जा रही है। विभागीय निर्देशानुसार ऐसे अवसरों पर उपभोक्ताओं को पांच कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, मुनाफाखोरी या जमाखोरी पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।