तेज रफ्तार इनोवा की ठोकर से युवक की मौत, परिवार का इकलौता कमाने वाला था मृतक

दस्तक 7 मीडिया /अफजल खान 

दरभंगा जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के एसएच-88 पकड़ी चौक पर हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अलीपुर पड़री वार्ड नंबर 8 निवासी रामानंद मिश्रा के रूप में हुई है। वह उदित नारायण मिश्रा का सबसे छोटा बेटा था।

परिजनों के अनुसार, रामानंद मिश्रा 6 तारीख की शाम करीब 7:30 बजे अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। इसी दौरान आशापुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक इनोवा कार ने उसे जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह करीब 20 मीटर दूर जाकर गिर पड़ा।

घटना के बाद साथ रहे दोस्तों ने गंभीर हालत में उसे पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। परिजन जब तक अस्पताल पहुंचे, तब तक डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार वाले उसे लेकर दरभंगा के पारस अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान कल देर रात उसकी मौत हो गई।

मृतक के चाचा विनोद मिश्रा ने बताया कि रामानंद तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी शादी चार साल पहले हुई थी और उसे ढाई साल की एक बेटी भी है। उसके पिता पैरालाइज से पीड़ित हैं, ऐसे में पूरे परिवार की जिम्मेदारी रामानंद के कंधों पर थी।

परिजनों ने बताया कि हादसे में शामिल इनोवा गाड़ी का नंबर DL1CZ6651 है। वाहन चालक पुलिस की पकड़ में है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।