बिहार मंत्रिमंडल का विभाग बंटवारा जारी :सम्राट चौधरी को गृह और सामान्य प्रशासन, निशांत को स्वास्थ्य तो मिथिलेश तिवारी को शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी

दस्तक 7 मीडिया/पटना 

बिहार की नई मंत्रिपरिषद में विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गठित नई सरकार में वरिष्ठ नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी को गृह, सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन और सिविल विमानन जैसे अहम विभाग दिए गए हैं। वहीं विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन एवं संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी मिली है।

वित्त और वाणिज्य-कर विभाग की कमान वरिष्ठ मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव को सौंपी गई है। ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग श्रवण कुमार को मिला है। कृषि विभाग की जिम्मेदारी विजय कुमार सिन्हा को दी गई है, जबकि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल संभालेंगे।

नई मंत्रिपरिषद में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी श्री निशांत को दी गई है। भवन निर्माण विभाग लेशी सिंह को सौंपा गया है। सहकारिता विभाग राम कृपाल यादव को मिला है, जबकि नगर विकास एवं आवास के साथ सूचना प्रावैधिकी विभाग नीतीश मिश्रा को दिया गया है।

परिवहन विभाग दामोदर रावत को, उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग संजय सिंह टाइगर को तथा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग अशोक चौधरी को सौंपा गया है। योजना एवं विकास विभाग भगवान सिंह कुशवाहा को मिला है। श्रम संसाधन, प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग अरुण शंकर प्रसाद को दिया गया है।

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग मदन सहनी को सौंपा गया है, जबकि लघु जल संसाधन विभाग डॉ. संतोष कुमार सुमन को मिला है। पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग रमा निषाद को दिया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग रत्नेश सादा संभालेंगे।

पथ निर्माण विभाग कुमार शैलेन्द्र को, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग शीला कुमारी को तथा पर्यटन विभाग केदार प्रसाद गुप्ता को मिला है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग लखेन्द्र कुमार रौशन को दिया गया है।

ग्रामीण कार्य विभाग सुनील कुमार को सौंपा गया है। उद्योग एवं खेल विभाग की जिम्मेदारी श्रेयशी सिंह को मिली है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग जमा खान को दिया गया है। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग नन्दकिशोर राम संभालेंगे।

ऊर्जा विभाग शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को मिला है। खान एवं भूतत्व के साथ कला एवं संस्कृति विभाग डॉ. प्रमोद कुमार को सौंपा गया है। समाज कल्याण विभाग श्वेता गुप्ता को मिला है। शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी मिथिलेश तिवारी को दी गई है।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग डॉ. रामचन्द्र प्रसाद को मिला है, जबकि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग संजय कुमार सिंह संभालेंगे। उद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार संजय कुमार गन्ना को दिया गया है। पंचायती राज विभाग दीपक प्रकाश को सौंपा गया है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार विभागों के इस बंटवारे में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने का प्रयास किया गया है। नई टीम के गठन के बाद अब सरकार की प्राथमिकता विकास कार्यों को गति देने, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर रहेगी।