परबत्ता में जमीनी विवाद बना खूनी संघर्ष, कई लोग गंभीर रूप से घायल

दस्तक 7 मीडिया, दरभंगा /गौराबोराम 

दरभंगा जिले के गौरा बौराम प्रखंड अंतर्गत परबत्ता गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में एक पक्ष के चार से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान 65 वर्षीय रामविलास पंडित, 62 वर्षीय राम बहादुर पंडित, इंद्र मोहन पंडित की 45 वर्षीय पत्नी तथा स्वयं इंद्र मोहन पंडित के रूप में हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा बौराम में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि विवाद लंबे समय से चल रहे जमीन के बंटवारे को लेकर था, जो अचानक उग्र होकर मारपीट में बदल गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।