डीएम ने निर्माण कार्यों की ली क्लास, डिग्री कॉलेज के लिए जमीन का किया निरीक्षण
डीएम ने निर्माण कार्यों की ली क्लास, डिग्री कॉलेज के लिए जमीन का किया निरीक्षण
डीएम ने निर्माण कार्यों की ली क्लास, डिग्री कॉलेज के लिए जमीन का किया निरीक्षण
दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को कुशेश्वरस्थान पूर्वी एवं पश्चिमी क्षेत्र का दौरा कर कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के नगर पंचायत बहेड़ा वार्ड संख्या-2 में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, उपलब्ध संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं का आकलन किया। साथ ही डिग्री कॉलेज के अस्थायी संचालन की व्यवस्था को लेकर उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बरनियां का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय भवन के रंग-रोगन और मरम्मत कार्य के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं को दिया। इसके अलावा विद्यालय तक पहुंच पथ निर्माण कराने का भी निर्देश दिया।
डीएम ने कुशेश्वरस्थान पूर्वी और पश्चिमी में निर्माणाधीन प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। कुशेश्वरस्थान पश्चिमी में निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्यपालक अभियंता को तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं कुशेश्वरस्थान पूर्वी में कार्य प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण पूरा करने को कहा।
इस दौरान पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे विवाह भवन निर्माण कार्य का भी डीएम ने निरीक्षण किया। निर्माण की सुस्त गति पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारी और संवेदक को फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।निरीक्षण के समय अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, डीसीएलआर बिरौल, अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुशेश्वरस्थान पूर्वी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।