दरभंगा में एलपीजी की कोई कमी नहीं, शुक्रवार को 26 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दरभंगा में एलपीजी की कोई कमी नहीं, शुक्रवार को 26 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दरभंगा में एलपीजी की कोई कमी नहीं, शुक्रवार को 26 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। शुक्रवार को जिलेभर में 26 हजार से अधिक गैस सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गुरुवार को जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 8 हजार 978 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 7 हजार 38, बेनीपुर अनुमंडल में 1075 तथा बिरौल अनुमंडल में 865 सिलेंडर शामिल हैं।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में एजेंसियों के गोदामों में 11 हजार 17 सिलेंडर उपलब्ध हैं। शुक्रवार 8 मई को दरभंगा सदर अनुमंडल में 19 हजार 378, बेनीपुर में 1378 तथा बिरौल अनुमंडल में 5 हजार 910 सिलेंडर वितरण का लक्ष्य तय किया गया है।
उधर, वरीय पदाधिकारियों ने पांच गैस एजेंसियों और छह वितरण स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने एजेंसियों को पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि विभागीय नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को नंबर लगने के दो से तीन दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए कैटरिंग के जरिए कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी की जा रही है। विभागीय निर्देशानुसार ऐसे अवसरों पर पांच कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने स्पष्ट कहा है कि यदि किसी उपभोक्ता को नियमों के अनुरूप गैस उपलब्ध नहीं कराई गई तो संबंधित एजेंसी पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने मुनाफाखोरी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ भी कड़ी निगरानी रखने की बात कही।