लंबित कांडों पर एसएसपी ने दो पुलिस अवर निरीक्षकों से मांगा स्पष्टीकरण

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा।

वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा ने गुरुवार को बहादुरपुर थाना पहुंचकर लंबित कांडों की गहन समीक्षा की। इस दौरान थाना के सभी अनुसंधानकर्ताओं, थानाध्यक्ष, पर्यवेक्षी पदाधिकारी तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, वारंटियों की गिरफ्तारी तथा अनुसंधान की गुणवत्ता को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान एसएसपी ने सभी लंबित कांडों की प्रगति की जानकारी ली और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के लिए न्यायालय से वारंट, इश्तिहार एवं कुर्की आदेश प्राप्त कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं कांडों के अनुसंधान में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अवर निरीक्षक अभय कुमार एवं राजू कुमार शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

समीक्षा के क्रम में जमानतीय पंजी, अजमानतीय पंजी, कांड दैनिकी पंजी, आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, केस डायरी तथा वारंट, इश्तिहार एवं कुर्की पंजियों का भी निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने सभी पंजियों को अद्यतन रखने का निर्देश देते हुए अनुसंधान को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

इसके अलावा शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई, अवैध शराब के क्रय-विक्रय पर रोक लगाने तथा थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने कहा कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।