अवैध शराब के खिलाफ दरभंगा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जप्त 16 वाहनों की नीलामी से 21.71 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त
अवैध शराब के खिलाफ दरभंगा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जप्त 16 वाहनों की नीलामी से 21.71 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त
अवैध शराब के खिलाफ दरभंगा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,
जप्त 16 वाहनों की नीलामी से 21.71 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने की दिशा में दरभंगा जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और कारोबार में इस्तेमाल किए गए वाहनों के खिलाफ अभियान के तहत उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 जप्त वाहनों की नीलामी कराई है।
समाहरणालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, समाहर्ता श्री कौशल कुमार के निर्देश पर गठित समिति द्वारा 30 अप्रैल और 07 मई 2026 को नीलामी प्रक्रिया पूरी की गई। नीलामी में उत्पाद विभाग, पुलिस विभाग तथा खनन विभाग द्वारा जब्त वाहनों को शामिल किया गया।
सहायक आयुक्त, मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि नीलामी किए गए 16 वाहनों में उत्पाद विभाग के 5 वाहन, पुलिस विभाग के 10 वाहन और खनन विभाग का 1 वाहन शामिल था। इन सभी वाहनों की बिक्री से कुल 21 लाख 71 हजार 750 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार उत्पाद विभाग द्वारा जब्त 5 वाहनों की नीलामी से 4 लाख 89 हजार 500 रुपये,
पुलिस विभाग द्वारा जब्त 10 वाहनों से 9 लाख 47 हजार 250 रुपये,जबकि खनन विभाग द्वारा जब्त 1 वाहन से 7 लाख 35 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई।
प्रशासन ने बताया कि नीलामी से प्राप्त राशि को सरकार की समेकित निधि में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त वाहनों और संपत्तियों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।