भूसे के ढेर में छुपा था शराब का जखीरा, बहेड़ी में मद्य निषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा /गुड्डू राज 

जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्य निषेध विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बहेड़ी थाना क्षेत्र के मौलवी गांव में छापेमारी कर टीम ने भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।

जिलाधिकारी Kaushal Kumar के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मद्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बहेड़ी थाना अंतर्गत मौलवी गांव में छापेमारी की।

सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान एक झोपड़ी में भूसे के ढेर के नीचे छुपाकर रखी गई कुल 1147.125 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।कार्रवाई के दौरान आरोपी राकेश यादव, पिता टुनटुन यादव, मौके से फरार हो गया। मद्य निषेध विभाग ने उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।