ऑटो ठीक कर रहे चालक की अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दस्तक 7 मीडिया, दरभंगा/अफज़ल खान 

दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के औंसी गोठ वार्ड संख्या 14 निवासी 52 वर्षीय संजीव कुमार साहू के रूप में हुई है। वे स्व यदु नंदन साहू के पुत्र थे। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं।संजीव ही परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

बताया जा रहा है कि घटना कल देर शाम की है। संजीव कुमार साहू रोज की तरह ऑटो चलाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पाराडीह के पास लाइन होटल के सामने एनएच- (527B) पर उनका ऑटो खराब हो गया। इसके बाद वे सड़क किनारे बांस के सहारे ऑटो को उठाकर उसके नीचे घुसकर मरम्मत करने लगे।

इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो में जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि ऑटो सीधे उनके शरीर पर गिर गया और वे उसके नीचे दब गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी पुलिस ने फोन कर परिजनों को दी।सूचना मिलने के बाद परिवार वाले घटनास्थल पहुंचे, जहां संजीव कुमार साहू मृत अवस्था में पड़े थे। इसके बाद केवटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

मृतक के भतीजे और ससुर ने बताया कि संजीव परिवार के इकलौते सहारा थे। उनके बच्चों की उम्र अभी काफी कम है।परिवार ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि अब बच्चों और परिवार का पालन-पोषण कैसे होगा।

वहीं, केवटी थानाध्यक्ष सदन राम ने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।