फर्जी सॉफ्टवेयर से आधार कार्ड बनाने का खुलासा, दरभंगा से एक गिरफ्तार

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा पुलिस की साइबर थाना टीम ने फर्जी तरीके से अवैध सॉफ्टवेयर के जरिए आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के दुकान से आधार कार्ड, बायोमैट्रिक डिवाइस, वेब कैमरा समेत कई संदिग्ध सामान बरामद किए हैं। मामले में अन्य मोबाइल धारकों और सहयोगियों की भी जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार आर्थिक अपराध इकाई, पटना से सूचना प्राप्त हुई थी कि दरभंगा जिले में कुल 14 मोबाइल धारक अवैध सॉफ्टवेयर में लॉगिन कर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने प्राप्त आंकड़ों का भौतिक सत्यापन शुरू किया।

जांच के दौरान मोबाइल नंबर 7322972918 के धारक इन्द्र कुमार के घोड़दौल चौक स्थित दुकान पर छापेमारी की गई। इन्द्र कुमार, सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के विश्वनाथ पट्टी गांव का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान दुकान से आठ आधार कार्ड, दो बायोमैट्रिक डिवाइस, एक वेब कैमरा, कई आधार कार्ड की पावती रसीदें तथा भरवाड़ा नगर पंचायत के वार्ड पार्षद सुमन कुमार रंजन की मुहर बरामद की गई।

पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि भवानीपुर निवासी अजीत कुमार के सहयोग से लोगों का आधार कार्ड बनाया जाता था। इसके लिए अवैध सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास आधार कार्ड बनाने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या प्रमाण पत्र नहीं था।

इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 35/26 दिनांक 06 मई 2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट की धारा 66 एवं 66(सी) तथा आधार एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने आरोपी इन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं मामले में शामिल अन्य मोबाइल नंबरों और संभावित आरोपियों की जांच तेज कर दी गई है।

पुलिस द्वारा बरामद सामानो में 08 आधार कार्ड, 02 बायोमैट्रिक डिवाइस, 01 वेब कैमरा, 01 मुहर, 06 आधार कार्ड की पावती रसीद हे

दरभंगा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड या ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।