दरभंगा में 9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, लंबित ट्रैफिक चालानों का होगा ऑन द स्पॉट निपटारा

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देश पर 9 मई 2026 को सिविल कोर्ट, लहेरियासराय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में दरभंगा पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

जारी सूचना के अनुसार, 90 दिनों से अधिक समय से लंबित ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया लोक अदालत में की जाएगी। ऐसे वाहन मालिक या चालानधारी, जिनके ट्रैफिक चालान लंबे समय से लंबित हैं, वे संबंधित दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का त्वरित और सरल तरीके से निपटारा करा सकते हैं।

दरभंगा पुलिस ने कहा है कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को न्यायिक प्रक्रिया में राहत मिलेगी तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन संभव हो सकेगा। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से समय पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।