दरभंगा में विकास परियोजनाओं को रफ्तार: तारडीह-अलीनगर में कार्यालय व डिग्री कॉलेज निर्माण की तैयारी तेज

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिले में प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर एक्शन मोड में दिखे। उन्होंने सकतपुर थाना के समीप तारडीह प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तय समय में पूरी करने का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि इस भवन के बनने से आम लोगों को एक ही परिसर में सभी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध होंगी।

इसके साथ ही डीएम ने तारडीह प्रखंड में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के लिए चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण किया। जांच में पर्याप्त भूमि नहीं मिलने पर उन्होंने अंचलाधिकारी को वैकल्पिक भूमि चयन कर शीघ्र प्रस्ताव देने का निर्देश दिया। साथ ही प्लस टू पीएम श्री एसी उच्च विद्यालय, कुर्सों में अस्थायी रूप से कॉलेज संचालन की तैयारी तेज करने, साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

वहीं अलीनगर प्रखंड में भी डिग्री कॉलेज निर्माण को लेकर पकड़ी और नरमा पंचायत की जमीन का निरीक्षण किया गया। डीएम ने निर्देश दिया कि अस्थायी रूप से कॉलेज का संचालन हाई स्कूल भवन में किया जाएगा, जबकि स्कूल को मिडिल स्कूल में शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने भवनों के रंग-रोगन और अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, भूमि अभिलेखों की जांच, स्वीकृतियां प्राप्त करने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल निकासी व आधारभूत संरचना विकसित करने के निर्देश दिए। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।