दरभंगा में 11 मई तक मुफ्त आंख जांच व चश्मा वितरण शिविर, बुनियाद केंद्रों पर मिलेंगी कई सुविधाएं

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा /

जिला जन-सम्पर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला कार्यक्रम इकाई (सक्षम) के तहत दरभंगा जिले में नि:शुल्क आंख जांच एवं चश्मा वितरण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 11 मई 2026 तक बुनियाद केंद्र बहादुरपुर, बिरौल, बेनीपुर तथा कुशेश्वरस्थान सतीघाट प्रखंड में संचालित रहेगा।

जिला प्रबंधक ने बताया कि 40 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्ति इन केंद्रों पर जाकर अपनी आंखों की जांच मुफ्त में करा सकते हैं और आवश्यकता अनुसार नि:शुल्क चश्मा भी प्राप्त कर सकते हैं। शिविर प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगा।

शिविर के तहत इच्छुक लाभार्थियों को बिना किसी शुल्क के नेत्र परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। खास बात यह है कि योजना का लाभ लेने के लिए किसी प्रकार की आय या आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

इसके अलावा बुनियाद केंद्रों पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से संबंधित मार्गदर्शन, दिव्यांगजन पुनर्वास सेवाएं, फिजियोथेरेपी, वाक एवं श्रवण जांच, उचित निदान और परामर्श जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। जरूरतमंदों को श्रवण यंत्र, कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण की जानकारी व उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सेवा देने के लिए ‘बुनियाद संजीवनी सेवा’ (मोबाइल थेरेपी वैन) के माध्यम से दूर-दराज के गांवों में भी चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।