घनश्यामपुर में दबंगों का कहर: रास्ता विवाद में परिवार पर जानलेवा हमला, फरसा से सिर फोड़ा

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा। 

स्थानीय थाना क्षेत्र के परबता गांव में रास्ता विवाद को लेकर एक ही परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित मंगनू पंडित ने थाना में आवेदन देकर आठ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार गांव के ही राम बहादुर पंडित, रामविलास पंडित, चन्द्रमोहन पंडित, इन्द्रमोहन पंडित सहित कुल आठ लोग मिलकर उनके आंगन से गुजरने वाले साझा रास्ते को बंद करने लगे। विरोध करने पर सभी आरोपी गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडा, फरसा, लोहे का रॉड, कुदाल और अन्य हथियार लेकर उनके घर में घुस गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर मंगनू पंडित को पकड़कर बेरहमी से पीटा। इसी दौरान इन्द्रमोहन पंडित ने फरसा से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडे से लगातार मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला किया और धमकी भी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे राजाराम पंडित और शिवम पंडित को भी पीटकर घायल कर दिया गया। पत्नी झड़िया देवी को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई।घटना के बाद ग्रामीणों के जुटने पर किसी तरह सभी की जान बची। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से घनश्यामपुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।