आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई: सुपौल के अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार के ठिकानों पर ईओयू का छापा

दस्तक 7 मीडिया,पटना/सुपौल 

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बुधवार को सुपौल के जिला अवर निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) अमरेंद्र कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति (डीए) के आरोपों में ईओयू की टीमों ने सुबह-सुबह राज्य के तीन जिलों में स्थित उनके चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।

ईओयू की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमरेंद्र कुमार ने अपनी ज्ञात आय से लगभग 1.10 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। यह राशि उनकी वैध आय से करीब 65.08 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है, जो गंभीर अनियमितता की ओर संकेत करती है।

एक साथ कई जगहों पर दबिश

छापेमारी की कार्रवाई पटना, सुपौल और सारण (छपरा) में की गई। पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित राज अपार्टमेंट में उनके एक फ्लैट की तलाशी ली गई। इसके अलावा सारण जिले में स्थित उनके पैतृक आवास, सुपौल में उनके कार्यालय और वर्तमान किराए के मकान को भी टीम ने खंगाला।

दस्तावेजों की गहन जांच जारी

छापेमारी के दौरान ईओयू की टीम जमीन से जुड़े कागजात, बैंक पासबुक, निवेश से संबंधित दस्तावेज और आभूषणों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति का पूरा ब्यौरा तैयार किया जाएगा।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना में कांड संख्या 06/26, दिनांक 5 मई 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

सख्त कार्रवाई का संकेत

ईओयू की इस कार्रवाई को राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अगर जांच में आरोप साबित होते हैं तो अमरेंद्र कुमार के खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और अन्य अधिकारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है।