रहस्यमय हालात में 21 वर्षीय युवक का शव बरामद, इलाके में सनसनी

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा /अफज़ल खान 

बहादुरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 35, शाहगंज मोहल्ला निवासी ऋषभ कुमार (21) के रूप में हुई है। वह संजीत कुमार का बड़ा बेटा था और परिवार में एक भाई व दो बहनें हैं।

परिजनों के अनुसार, ऋषभ मंगलवार को परीक्षा देकर घर लौटा था। शाम में वह दोस्तों के साथ बाहर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार वाले लगातार उसे कॉल करते रहे।रात करीब 12 बजे तक मोबाइल में रिंग जाती रही, लेकिन उसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया।

पूरी रात परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस ने सूचना दी कि 21 और 22 नंबर गुमटी के बीच एक युवक का शव मिला है, जिसकी पहचान ऋषभ के रूप में हुई।मौके पर पहुंचने पर पता चला कि शव के पास उसका मोबाइल फोन नहीं था, हालांकि मोबाइल का कवर वहां पड़ा मिला। इससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

परिजनों ने बताया कि ऋषभ का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह किसी भी तरह के नशे से दूर रहता था। वह पढ़ाई में भी ठीक था। ऐसे में उसकी मौत को लेकर परिवार गहरे सदमे में है और इसे संदिग्ध मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।वहीं बहादुरपुर थाना अध्यक्ष प्रसंजय कुमार ने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।